लोहरदगा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की सजगता, तीन नाबालिग बच्चों को बचाया
रांची: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए लोहरदगा रेलवे स्टेशन पर तीन नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बचाया। यह कार्य 26 अप्रैल को मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर किया गया।
संदिग्ध अवस्था में मिले बच्चे
जांच के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर तीन बच्चे एक बेंच पर संदिग्ध अवस्था में बैठे हुए पाए गए। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपनी पहचान अमीश मुंडा (11 वर्ष), संतोष बिलोर (10 वर्ष) और रमेश बिलोर (10 वर्ष) के रूप में बताई। ये सभी बच्चे रांची के मैक्लुस्कीगंज क्षेत्र के निवासी हैं।
घर से भागने की जानकारी
बच्चों ने बताया कि वे बिना अपने घरवालों को बताए घर से भागकर लोहरदगा पहुंचे थे। उनकी सुरक्षा को देखते हुए आरपीएफ ने तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन लोहरदगा को सूचित किया।
चाइल्ड हेल्पलाइन की तत्परता
सूचना मिलने पर केस वर्कर मो इस्तखार आलम और सुनीमा कुमारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की। इसके बाद तीनों बच्चों को सुरक्षित रूप से चाइल्ड हेल्पलाइन टीम को सौंप दिया गया। इस अभियान में उपनिरीक्षक एल.के. मिश्रा सहित आरपीएफ स्टाफ एसआर इंदवार, बिनोद गोपे और आजाद कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
