कोल्हान आदिवासी युवा शक्ति का ज्ञापन, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
चाईबासा: कोल्हान आदिवासी युवा शक्ति, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा ने मझगांव प्रखंड में आदिवासी युवकों के साथ हुई मारपीट और देशाउली स्थल पर कथित असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ शुक्रवार को उपायुक्त को ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस ज्ञापन की एक प्रति पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई है। संगठन ने आरोप लगाया है कि 13 और 14 जुलाई को कुछ युवकों ने आदिवासियों के पवित्र देशाउली स्थल पर शराब और सिगरेट का सेवन किया, जिससे धार्मिक स्थल को अपवित्र किया गया। जब आदिवासी युवक इस पर आपत्ति जताने गए, तो उन्हें गाली-गलौज, मारपीट और हथियारों से हमले का सामना करना पड़ा, जिसमें कई युवक गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें चाईबासा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
कोल्हान आदिवासी युवा शक्ति ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने कहा है कि इस घटना से आदिवासी समाज में आक्रोश बढ़ गया है, और यदि समय पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ज्ञापन में नामजद आरोपियों की 72 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग की गई है। इसके साथ ही मझगांव थाना प्रभारी की घटना के दौरान कथित निष्क्रियता के लिए विभागीय कार्रवाई एवं निलंबन की भी मांग की गई है।
चाईबासा बंद की चेतावनी, लोकतांत्रिक आंदोलन की तैयारी
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो विभिन्न आदिवासी संगठनों के सहयोग से चाईबासा बंद सहित व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन पर कोल्हान आदिवासी युवा शक्ति के संयोजक वीर सिंह बालमुचू, संदीप सन्नी देवगम, रमेश बालमुचू, संजय सरिल देवगम, प्रकाश पूर्ति, सुभाष सिंकू, गुरा सिंकू, अमर पार्ट पिंगुआ, रोशन बानरा समेत अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।
