झारखंड की बेटियों ने एक बार फिर देश का मान बढ़ाया है। FIH महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए चयनित भारतीय टीम में झारखंड की चार खिलाड़ियों को स्थान मिला है, जिसमें सिमडेगा की सलीमा टेटे को टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
हॉकी इंडिया ने 15 से 30 अगस्त के बीच नीदरलैंड्स और बेल्जियम में होने वाले महिला हॉकी विश्व कप के लिए 20 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की है। इस टीम में झारखंड की सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग शामिल हैं।
सलीमा टेटे कप्तान के रूप में मिडफील्ड में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। खूंटी की निक्की प्रधान अपनी अनुभव के माध्यम से टीम को मजबूती प्रदान करेंगी। इसके अलावा, सिमडेगा की ब्यूटी डुंगडुंग फॉरवर्ड के तौर पर विरोधी टीमों के लिए चुनौती बनेंगी, जबकि दीपिका सोरेंग मिडफील्ड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
भारतीय टीम की शानदार फॉर्म
भारतीय महिला हॉकी टीम वर्तमान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है। बेंगलुरु में प्रशिक्षण ले रही इस टीम ने हाल ही में न्यूजीलैंड में आयोजित FIH नेशंस कप में बिना कोई मैच हारे विजेता बनने का गौरव हासिल किया है। इस शानदार फॉर्म के चलते विश्व कप में भी टीम से बेहतरीन प्रदर्शन की अपेक्षा की जा रही है।
भारत को पूल D में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है। सभी मैच नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। भारत 16 अगस्त को चीन, 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ खेलने के लिए उतरेगा।
झारखंड का हॉकी में दबदबा
झारखंड लंबे समय से भारतीय महिला हॉकी का एक मजबूत केंद्र रहा है। इस बार विश्व कप टीम में चार खिलाड़ियों का चयन और सलीमा टेटे का कप्तान बनना इस बात का प्रमाण है कि राज्य लगातार उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार कर रहा है। सरकार की खेल नीति, बेहतर प्रशिक्षण और हॉकी झारखंड के प्रयासों का परिणाम अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजर आ रहा है।
हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, हॉकी सिमडेगा, हॉकी झारखंड और राज्य के खेल विभाग ने चारों खिलाड़ियों और पूरी भारतीय टीम को शुभकामनाएं दी हैं। अब झारखंड की पूरी नजरें विश्व कप पर हैं और उम्मीद है कि ये चारों खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से देश को नई उपलब्धियों की ओर बढ़ाएंगी।
