जामताड़ा में पिता की हत्या, शादी के बाद का माहौल हुआ मातम में बदल

जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र स्थित रामपुर माधोपुर गांव में एक दुखद घटना घटित हुई है, जहाँ बेटी की शादी की खुशियाँ पल भर में मातम में बदल गईं। रविवार को जिस घर में शहनाइयां बजीं, मंगलवार को उसी घर से पिता की अर्थी उठी। आरोप के अनुसार, बड़े बेटे ने नशे की हालत में अपने 60 वर्षीय पिता गोविंद राय की कुदाली से हत्या कर दी। मृतक की पत्नी कुंती देवी के अनुसार, उनकी बेटी आशा राय की शादी रविवार रात धूमधाम से हुई थी और सोमवार सुबह उसकी विदाई भी संपन्न हुई। परिवार अभी शादी की खुशियों से उबर भी नहीं पाया था कि अचानक यह भयानक घटना घट गई।

पुलिस कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के एसडीपीओ विकास आनंद लगोरी, थाना प्रभारी विकास कुमार तिवारी और उनकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम के सदस्य चंदन कुमार, संजीव कुमार और रामकृष्ण मुर्मू ने घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा किए और हत्या में प्रयुक्त कुदाली को बरामद किया। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी बेटे ललित राय को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।