रांची : झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राज्य के शिक्षा प्रशासन में बड़े बदलाव करते हुए कई अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं का आदेश जारी किया है। विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी और शिक्षा परियोजनाओं से जुड़े अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक, यह परिवर्तन शिक्षा प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने, प्रशासनिक दक्षता में सुधार लाने और विभिन्न जिलों में रिक्त या महत्वपूर्ण पदों पर अनुभवी अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है। सभी अधिकारियों को तुरंत नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने के लिए कहा गया है।
तबादला सूची में सचिवालय और जिला स्तर के कई महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। प्रशासनिक अधिकारी सच्चिदानंद द्विवेन्दु तिग्गा को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची से स्थानांतरित कर झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) में सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है। पूर्वी सिंहभूम के जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार को शिक्षा परियोजना परिषद, रांची में तैनात किया गया है।
इसके अलावा, आशीष कुमार पांडेय को प्राथमिक शिक्षा निदेशालय में उप निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गिरिडीह के जिला शिक्षा पदाधिकारी मो. वसीम अहमद को रांची का जिला शिक्षा पदाधिकारी बनाया गया है। रांची स्थित महिला जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की प्राचार्य निशु कुमारी को पूर्वी सिंहभूम का जिला शिक्षा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार
इस अधिसूचना के तहत कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी दी गई हैं। दीप्ति कुमारी को खूंटी में नई जिम्मेदारी के साथ डायट का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, कैलाश मिश्र को सरायकेला-खरसावां में जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ महिला डायट के प्राचार्य का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
