रांची : जमशेदपुर में हाल ही में हुई हत्या की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से कड़े सवाल किए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इसे केवल एक हत्या नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था पर गंभीर हमला करार दिया है। उनके अनुसार, अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे पुलिस की उपस्थिति में भी खुलकर वारदातों को अंजाम देने से नहीं चूक रहे हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस घटना के विरोध में 2 जुलाई को जमशेदपुर में मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त, 3 जुलाई को शहर में पूर्ण बंद का आह्वान भी किया गया है। साहू ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और पुलिस ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो राज्यव्यापी बंद का आयोजन किया जाएगा।

पुलिस की जिम्मेदारी और कार्रवाई की मांग

आदित्य साहू ने इस मामले में जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों और कर्मियों पर हत्या का मामला दर्ज करने और उन्हें जेल भेजने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि जब पुलिस की मौजूदगी में किसी व्यक्ति की हत्या होती है, तो यह पुलिस प्रशासन की बड़ी विफलता है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि पूरे मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी की जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड में पिछले छह वर्षों में 10,113 दुष्कर्म की घटनाएं, 11,000 से अधिक अपहरण, 60,000 से ज्यादा चोरी की वारदातें, लगभग 9,300 हत्याएं और लगभग 2,80,000 संज्ञेय अपराध दर्ज किए गए हैं। रांची की स्थिति को देखते हुए इसे ‘क्राइम सिटी’ करार दिया गया है। रांची में पुलिस की नाक के नीचे आरएसएस मुख्यालय पर पेट्रोल बम फेंका गया है। रिम्स की डेंटल छात्रा के साथ गैंगरेप, तीन साल की बच्ची के साथ दरिंदगी, और कोयला माफियाओं द्वारा दलित महिला अनीता देवी की हत्या जैसी घटनाएं सरकार के महिला सुरक्षा के दावों की पोल खोल रही हैं। राज्य में आपराधिक गतिविधियों का बोलबाला है और महिलाएं तथा बच्चे सुरक्षित नहीं हैं।

साहू ने कहा कि राज्य सरकार को बढ़ते अपराधों पर एक श्वेत पत्र जारी करना चाहिए और जनता के सामने स्पष्ट कार्ययोजना रखनी चाहिए। भाजपा ने आरोप लगाया कि राज्य में संगठित अपराध, रंगदारी और अवैध हथियारों का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं होता है, तो जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।