लोहरदगा जेल में विचाराधीन कैदी की संदिग्ध मौत

लोहरदगा की जेल में बंद 27 वर्षीय विचाराधीन कैदी जाहिद पवरिया की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। वह कुडू थाना क्षेत्र के पंडरा गांव का रहने वाला था और यौन शोषण के मामले में न्यायिक हिरासत में था। जेल प्रशासन के अनुसार, सुबह नमाज के लिए जगाने पर उसे अचेत अवस्था में पाया गया। उसे तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेलर मोहम्मद सोनू ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि जाहिद मंगलवार रात खाना खाने के बाद सो गया था। मामले की नियमानुसार जांच की जाएगी।

परिजनों का हत्या का आरोप

जेल में कैदी की मौत के बाद उसके परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए कुडू में सड़क जाम कर दिया और मुआवजे की मांग की। एसडीओ अमित कुमार ने बताया कि दंडाधिकारी की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है और पूरे मामले की गहन जांच की जाएगी। एसपी सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि पुलिस मामले पर नजर रखे हुए है और सड़क जाम हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।