रांची। राजधानी रांची में एक वृद्ध महिला को निशाना बनाने आए उत्तर प्रदेश के अंतरराज्यीय चेन छिनतई गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। रांची पुलिस की एक विशेष टीम ने गिरोह के एक सदस्य, प्रवीण कुमार, को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर की गई थी।

गिरोह के सदस्यों ने पहले भी पंजाब के मोहाली और लुधियाना में महिलाओं से चेन और गहनों की छिनतई की वारदातें की थीं। इस बार वे रांची की एक बुजुर्ग महिला को अपना लक्ष्य बनाने आए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें वारदात को अंजाम देने से पहले ही पकड़ लिया।

दिल्ली की बाइक पर छिनतई के लिए आए थे झारखंड

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से एक दिल्ली नंबर की बाइक (DL-10AB-6698) बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि गिरोह दूसरे राज्यों में अपराध करने के लिए बाहरी राज्यों में पंजीकृत वाहनों का उपयोग करता था, जिससे उनकी पहचान स्थानीय स्तर पर करना कठिन होता है। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले पंजाब के मोहाली और लुधियाना में भी कई छिनतई की घटनाओं में शामिल रहे हैं। इसके बाद उन्होंने झारखंड को अपना नया ठिकाना बनाया।