चाईबासा : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिंहपोखरिया गांव में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने नशे की हालत में अपने इकलौते बेटे की हत्या कर दी। यह वारदात गुरुवार रात लगभग 9 बजे हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता माती गोप को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक, 25 वर्षीय माटुल गोप का शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, शाम को किसी विषय पर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ था।
नशे की हालत में पिता
पिता माटी गोप नशे में था, जिसके कारण दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि उन्होंने एक-दूसरे के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। इस दौरान, पिता ने अपने बेटे के सिर पर एक डंडा मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर रक्तस्राव के कारण बेटे की मृत्यु हो गई। घटना के बाद गांव में हडकंप मच गया और ग्रामीण मुंडा को सूचित किया गया। मुंडा ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। आरोपी पिता को गिरफ्तार कर थाना ले जाया गया है।
