मुंबई: ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर इंटरनेशनल प्रोजेक्ट के चलते चर्चा में हैं। उनकी नई समुद्री डाकू एडवेंचर फिल्म द ब्लफ का पहला लुक जारी किया गया है। यह लुक मशहूर एस्क्वायर मैगजीन के माध्यम से पेश किया गया है, जिसे प्रियंका ने अपने सोशल मीडिया पर साझा किया। तस्वीरों में प्रियंका का लुक बहुत ही ताकतवर और रोमांचक नजर आ रहा है। इस फिल्म में उन्होंने ब्लडी मैरी नाम की समुद्री डाकू का किरदार निभाया है।

द ब्लफ प्रियंका चोपड़ा की करियर की पहली समुद्री डाकू फिल्म है। पहले लुक में वह घने काले कपड़े पहने नजर आ रही हैं और उनके हाथ में हथियार है। एक तस्वीर में वह ऊँचाई से दुश्मन पर हमला करते हुए दिखाई दे रही हैं।

ब्लडी मैरी के किरदार में प्रियंका चोपड़ा

प्रियंका चोपड़ा ने ब्लडी मैरी के रूप में अपने लुक को साझा करते हुए बताया कि यह किरदार केवल एक समुद्री डाकू नहीं, बल्कि एक मां और रक्षक का भी है। उनके इस संदेश ने प्रशंसकों के बीच फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। कहा जा रहा है कि फिल्म में उनका किरदार भावनात्मक गहराई के साथ-साथ जोरदार एक्शन भी पेश करेगा।

निक जोनास ने बढ़ाया प्रियंका का हौसला

प्रियंका चोपड़ा के पति निक जोनास ने भी द ब्लफ के उनके पहले लुक पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रियंका की सराहना करते हुए कहा कि दुनिया इस फिल्म में उनके शानदार अभिनय को देखने के लिए बेताब है। निक का यह बयान तेजी से वायरल हो गया और प्रशंसकों ने इस जोड़ी की जमकर सराहना की।

द ब्लफ का निर्देशन फ्रैंक ई फ्लावर्स ने किया है। फिल्म के प्रोडक्शन में कई जाने-माने नाम शामिल हैं, जिनमें एंथनी रूसो और जो रूसो जैसे प्रसिद्ध फिल्ममेकर भी शामिल हैं। इसके अलावा प्रियंका चोपड़ा जोनास, माइकल डिस्को और एंजेला रूसो ओस्टोट भी इस प्रोजेक्ट के निर्माता हैं। इस मजबूत टीम के चलते फिल्म से काफी उम्मीदें हैं।