रांची : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी रांची समेत कई क्षेत्रों में लगातार बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने सोमवार को 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें भारी वर्षा, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट भी हो सकती है।
रांची में बारिश के बाद जलजमाव से बढ़ी परेशानी
रविवार को कांके क्षेत्र में हुई तेज बारिश ने स्थिति को गंभीर बना दिया। करीब डेढ़ घंटे तक हुई बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव हो गया। सड़कें पानी से भर गईं और कई घरों तथा दुकानों में नालों का पानी घुस गया, जिससे स्थानीय निवासियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
कांके क्षेत्र में बारिश के बाद प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया। कई स्थानों पर जल स्तर इतना बढ़ गया कि वाहन चालकों को डेढ़ फुट पानी में से गुजरना पड़ा। जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर लंबे समय तक जमा रहा।
झारखंड मौसम: इन 13 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, 20 जुलाई को राज्य के मध्य और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इस संबंध में रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
तेज हवा और वज्रपात की भी चेतावनी
मौसम विभाग ने इन जिलों में भारी बारिश के साथ-साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और वज्रपात की आशंका व्यक्त की है। विभाग के अनुसार, यह मौसमीय स्थिति 23 जुलाई तक बनी रह सकती है। लोगों को इस दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में न जाने की सलाह दी गई है।
अगले तीन दिनों में तापमान में आएगी गिरावट
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, अगले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, 21 से 23 जुलाई के बीच अधिकतम तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की उम्मीद है। लगातार बारिश के कारण कई जिलों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रहेगा।
पिछले 24 घंटे में कहां हुई सबसे अधिक बारिश
पिछले 24 घंटों में झारखंड के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी दर्ज की गई। सबसे अधिक 76.8 मिलीमीटर वर्षा धनबाद जिले के राजदह क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई।
इस दौरान राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रांची के कांके क्षेत्र में रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
झारखंड में सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक झारखंड में मानसून सक्रिय रहेगा। राज्य के कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश, कहीं-कहीं भारी वर्षा, तेज हवा और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। इस स्थिति में निचले इलाकों में जलजमाव, यातायात में रुकावट और ग्रामीण क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की आवश्यकता होगी।
