रामगढ़ जिला न्यायालय में सुरक्षा बढ़ाई गई
रामगढ़ जिले के व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की एक कथित धमकी मिलने के बाद, जिला पुलिस ने सुरक्षा को लेकर अलर्ट मोड में आ गई है। बुधवार की सुबह से ही न्यायालय परिसर और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया गया है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए डॉग स्क्वायड, मेटल डिटेक्टर और बम निरोधक दस्ते की सहायता से कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। न्यायालय भवन, प्रवेश द्वार, पार्किंग, रिकॉर्ड रूम, गलियारों, सिरिस्ता कक्ष सहित सभी संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की गई और सुरक्षा बलों की एक बड़ी संख्या तैनात की गई।
सुरक्षा जांच में सहयोग की अपील
पुलिस ने अधिवक्ताओं, न्यायिक कर्मियों, वादकारियों और न्यायालय में आने वाले सभी लोगों से सुरक्षा जांच में सहयोग करने की अपील की है। एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि फिलहाल जांच अभियान जारी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही धमकी की प्रकृति और उसके स्रोत के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।
