जमशेदपुर में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिर्फ छह घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में उपयोग की गई अपाचे बाइक, मोबाइल फोन, शराब और बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास तथा अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत और कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।

डिमना लेक पर शराब पिलाकर किया गया दुष्कर्म

पुलिस पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि दो युवकों ने उसे पहले डिमना लेक और मिर्जाडीह हाट की ओर ले जाकर शराब पिलाई। इसके बाद वे उसे सुनसान जगह पर ले गए, जहाँ उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की, जिससे वह घायल हो गई। पीड़िता के बयान के आधार पर एमजीएम थाना में मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटनास्थल से शराब और बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास, अपाचे मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। वर्तमान में पीड़िता का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।

8 जुलाई की रात सड़क किनारे मिली थी पीड़िता

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ओम प्रकाश, जो एमजीएम थाना क्षेत्र का निवासी है, और जितेंद्र कुमार शर्मा उर्फ छोटू शर्मा, जो मानगो का निवासी है, शामिल हैं। दोनों पेशे से चालक हैं। मामले की जानकारी देते हुए एमजीएम थाना प्रभारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 8 जुलाई की रात डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि सिमुलडांगा गांव के पास एक महिला गंभीर अवस्था में सड़क किनारे पड़ी हुई है। सूचना मिलने के बाद एमजीएम थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया।