ध्रुव शोरे ने विजय हजारे ट्रॉफी में बनाया नया रिकॉर्ड

नई दिल्ली: विदर्भ क्रिकेट टीम के सितारे बल्लेबाज़ ध्रुव शोरे ने शुक्रवार, 26 दिसंबर को विजय हजारे ट्रॉफी के मुकाबले में हैदराबाद के खिलाफ 77 गेंदों पर नाबाद 109 रनों की शानदार पारी खेलकर एक नया मुकाम हासिल किया है। यह प्रदर्शन उनके करियर के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ है।

ध्रुव शोरे ने अपने इस शतकीय प्रदर्शन के साथ विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की है। 33 वर्षीय इस खिलाड़ी ने विजय हजारे ट्रॉफी में लगातार पांचवें शतक के साथ लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास में केवल दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने लगातार पांच पारियों में शतक बनाए हैं। उन्होंने भारत के नारायण जगदीशन का रिकॉर्ड बराबर किया, जिन्होंने 2022-23 में इसी टूर्नामेंट में पांच मैचों में लगातार सेंचुरी लगाई थी।

ध्रुव शोरे का उत्कृष्ट फॉर्म

विदर्भ के ध्रुव शोरे ने पिछले सीज़न के अंतिम तीन मैचों में भी लगातार शतक बनाए थे और इस नए सीज़न के पहले दो मुकाबलों में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। उनकी पिछली पांच पारियों में उन्होंने क्रमशः 110, 114, 118, 136 और 109* रनों की पारी खेली है। यह उनका धूमधाम से टूनामेंट में आगाज़ है।

इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि ध्रुव शोरे लिस्ट-ए क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में कुमार संगकारा, एलविरो पीटरसन, देवदत्त पडिक्कल और करुण नायर जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ चुके हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने चार पारियों में लगातार शतक जड़े हैं। यदि ध्रुव शोरे अगले मुकाबले में भी शतकीय पारी खेलते हैं, तो वो नारायण जगदीशन को पीछे छोड़कर लगातार छह लिस्ट-ए सेंचुरी बनाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।