जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन जारी

रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC परीक्षा में कथित तौर पर सीट बेचे जाने के खिलाफ चल रहे आंदोलन में हजारों छात्रों का समर्थन नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से बताया कि आंदोलनरत छात्र पूरे रात मूसलधार बारिश में खुले आसमान के नीचे धरने पर बैठे रहे। इस स्थिति को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने छात्रों को टेंट लगाने की अनुमति नहीं दी। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भविष्य के लिए शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से संघर्ष कर रहे छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार अमानवीय और असंवेदनशील है।

सरकार को चेतावनी

नेता प्रतिपक्ष ने अपनी पोस्ट में सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन छात्रों की मांगों पर ध्यान नहीं देता और उन्हें टेंट लगाने की अनुमति नहीं मिलती, तो वह खुद आंदोलन स्थल पर पहुंचेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह छात्रों का टेंट लगाने में श्रमदान करेंगे। बाबूलाल मरांडी के इस बयान के बाद JPSC अभ्यर्थियों के आंदोलन को लेकर राजनीतिक गतिविधियाँ बढ़ गई हैं। इस समय आंदोलनरत छात्र अपनी मांगों को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में डटे हुए हैं।