हजारीबाग के बरही थाना क्षेत्र में रसोईयाधमना के पास पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 1,190 पेटी अवैध शराब से भरा एक ट्रक जब्त किया है। इस ऑपरेशन के दौरान तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से भागने में सफल रहा।

पुलिस ने तस्करों को घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस को 13 जुलाई को बिहार पुलिस की सीआईडी नारकोटिक्स टीम से सूचना मिली थी कि रसोईयाधमना के निकट एक ट्रक में अवैध शराब लोड है और इसे बिहार भेजने की तैयारी चल रही है। इस सूचना के आधार पर, बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधाप्रेम किशोर के नेतृत्व में बरही थाना पुलिस और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई की।

भागे हुए तस्करों का पीछा

जैसे ही पुलिस ने छापेमारी की, एक व्यक्ति ट्रक से झाड़ियों की ओर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक और बिना नंबर की एक केटा कार से भागने की कोशिश कर रहे तीन लोगों को रसोईयाधमना टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि ट्रक में अवैध शराब भरी हुई थी और इसे स्थानीय तस्करों की मदद से बिहार भेजा जाना था। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान बरही निवासी राकेश कुमार (27), खिरोधर साव उर्फ गुलाब साव (32) और सन्नी कुमार (28) के रूप में हुई है।

बड़ी मात्रा में शराब बरामद

पुलिस ने ट्रक संख्या HP72D-7889 से मैकडॉवेल्स नंबर-1 ब्रांड की कुल 1,190 पेटी शराब बरामद की। इसमें 750 एमएल की 299 पेटी यानी 3,588 बोतल (2,691 लीटर), 350 एमएल की 592 पेटी यानी 14,208 बोतल (5,328 लीटर) और 180 एमएल की 299 पेटी यानी 14,352 बोतल (2,583.36 लीटर) शामिल हैं।

कुल मिलाकर, ट्रक से 32,148 बोतल यानी 10,602.36 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है। इसके साथ ही पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की केटा कार भी जब्त कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।